
नई दिल्ली। वर्ष 2016 का पहला खग्रास सूर्यग्रहण भारत के कई हिस्सों में दिखाई दिया। सूर्यग्रहण की शुरुआत सिलीगुड़ी से हुई। दिल्ली-एनसीआर, उत्तरप्रदेश में सूर्यग्रहण दिखाई दिया।
सूर्य ग्रहण से पहले सूतक के चलते देशभर के मंदिरों के पट मंगलवार शाम बंद हो गए। मंदिरों के पट ग्रहण समाप्त होने तक बंद रहेंगे। सुबह ग्रहण की समाप्ति के बाद भगवान का स्नान-अभिषेक कर पूजा-पाठ का कार्यक्रम होगा।
ज्योतिर्विदों के अनुसार, ग्रहण का स्पर्श बुधवार सुबह 5.45 बजे, मध्यकाल 7.27 और मोक्ष 9.08 बजे होगा। सूर्योदय सुबह 6.42 बजे होगा और सुबह 6.47 बजे तक खग्रास स्वरूप में दिखाई देगा।
हालांकि यह ग्रहण भारत में कुछ देर के लिए ही दिखाई दिया। देश में बुधवार सुबह 5.43 बजे ग्रहण लगा, जो उत्तर पश्चिम एवं पश्चिम भाग को छोड़कर शेष भारत में सुबह 6.47 बजे तक दिखाई दिया।