
दुनियाभर में खोले जाएंगे किन्नर अखाड़े, पेरिस से होगा आगाज
पूरी दुनिया में ट्रांसजेंडर्स हैं। उन्हें सही दशा और दिशा मिले। वे एक हो सकें, इस मकसद से विदेशों में भी किन्नर अखाड़े खोलने की तैयारी है। इसकी शुरुआत यूरोप महाद्वीप स्थित फ्रांस की राजधानी पेरिस से होगी। इसके बाद एशिया के हर देश में अखाड़े खोले जाएंगे।
यह दावा किन्नर अखाड़े के फाउंडर मेंबर लक्ष्मी नारायण ने पत्रिका से विशेष बातचीत में किया। लक्ष्मीनारायण ने कहा कि इन अखाड़ों के जरिए जल्द ही देश के किन्नर और विदेशों के ट्रांसजेंडर एक हो जाएंगे। यह किन्नरों की एक बड़ी ताकत होगी। लोगों में भ्रांति है कि किन्नरों के भक्त और अनुयायी केवल किन्नर ही हैं, लेकिन आमजन भी हमारे अखाड़े के संत, पीठाधीश्वर और महामंडलेश्वरों के भक्त और अनुयायी हैं। किन्नरों का काम दुआएं देना है और हमारी दुआओं से कई के जीवन में सुधार आया है। हमारे भक्तों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।
मोरारी बापू करेंगे किन्नरों के लिए कथा लक्ष्मीनारायण ने बताया कि 16 दिसंबर को महाराष्ट्र के थाणे में कथा का आयोजन किया जा रहा है। किन्नरों के लिए मोरारी बापू कथा पाठ करेंगे। इसमें देशभर के किन्नर शामिल होंगे।