'ताज महल' आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या में आई कमी
'ताज महल' आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या में आई कमी
PUBLISHED : Apr 17 , 11:28 AM
नई दिल्ली। सरकार ने आज स्वीकार किया कि पिछले कुछ वर्षों में ताज महल आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या में निरंतर गिरावट आई है। हालांकि सरकार ने देश में पर्यटन अनुकूल माहौल सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न कदम उठाए हैं।
संस्कृति मंत्री महेश शर्मा ने एक सवाल के लिखित जवाब में राज्यसभा को बताया कि 2012 में 17वीं शताब्दी के इस विश्व प्रसिद्ध स्मारक को देखने के लिए 7.43 लाख विदेशी पर्यटक आए थे। 2013 में इनकी संख्या घटकर 6.95 लाख तथा 2014 में और घटकर 6.48 लाख रह गई।
उन्होंने कहा कि ताज महल आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या में कमी आने के कारण बताने वाला कोई बाजार अध्ययन नहीं किया गया है। शर्मा ने कहा कि सरकार ने पर्यटकों की सुरक्षा के लिए विभिन्न पहल की हैं। इनमें निशुल्क बहु भाषी पर्यटन हेल्प लाइन तथा सुरक्षित पर्यटन के लिए आचार संहिता शामिल है। (भाषा)